news-details

21वीं मंजिल पर AC ब्लास्ट से आग, आधे घंटे में पाया गया काबू

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी की 24 मंजिला इमारत में सोमवार सुबह एसी ब्लास्ट के बाद 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे फ्लोर पर अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए सीढ़ियों से नीचे उतरने लगे। कुछ ही देर में धुआं पूरे फ्लोर में फैल गया, जबकि फ्लैट की खिड़कियों से आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, दमकल वाहनों का पानी केवल 13वीं मंजिल तक ही पहुंच सका। इसके बाद फायर कर्मियों ने सोसाइटी के इनबिल्ट फायर सिस्टम और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग को आसपास के फ्लैटों तक फैलने से रोक लिया गया, हालांकि जिस फ्लैट में आग लगी थी, वहां का अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आग एसी ब्लास्ट होने से लगी थी। घटना के समय फ्लैट में मौजूद परिवार सुरक्षित बाहर निकल आया, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर पूरी इमारत को खाली करा दिया गया था। घटना के बाद सोसाइटी में ऊंची इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और दमकल संसाधनों की क्षमता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।