news-details

211 मरीजों ने कराया इलाज, 80 आयुष्मान कार्ड बने

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। मड़ियांव के शिव नगर (मुर्गी फार्म के निकट) में बुधवार को बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में 75वें नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और कुल 211 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से नि:शुल्क परामर्श एवं दवाइयों का लाभ उठाया।शिविर के दौरान मरीजों की ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी दी।सरकार की जनकल्याणकारी योजना के तहत शिविर में 80 पात्र लोगों के मौके पर ही नि:शुल्क आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।शिविर में कमर दर्द, कंधे के दर्द, ब्लड प्रेशर, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने इस पहल का लाभ उठाया और आयोजकों की सराहना की।आयोजकों ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं नि:शुल्क पहुंचाना और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। स्थानीय नागरिकों ने बोरा फाउंडेशन और सेवा अस्पताल के इस जनहितकारी प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।