
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में लखनऊ में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों, गठबंधन की मजबूती और जनसेवा के साझा संकल्प पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में एनडीए के विभिन्न घटक दलों के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) की ओर से राष्ट्रीय संगठन महासचिव त्रिलोक त्यागी शामिल हुए। नेताओं ने संगठनात्मक समन्वय, बूथ स्तर तक गठबंधन को मजबूत बनाने और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आपसी तालमेल बढ़ाने, संयुक्त अभियान चलाने और विकास तथा जनकल्याण के मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच ले जाने पर भी सहमति बनी। नेताओं ने गठबंधन की एकजुटता को आगामी चुनावों में सफलता की कुंजी बताया।राजनीतिक दृष्टि से इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर एनडीए ने अभी से अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। बैठक में सभी सहयोगी दलों ने एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने और गठबंधन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।