
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) 2 से 4 जुलाई के बीच प्रदेश के 60 जिलों में आयोजित होगी। परीक्षा के लिए 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। प्रदेशभर में 955 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रयागराज में 53 केंद्रों पर 96,626 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। 2021 में प्रश्नपत्र लीक होने की घटना को देखते हुए आयोग ने विशेष सतर्कता बरती है। प्रश्नपत्र के सेट का चयन परीक्षा शुरू होने से केवल पांच घंटे पहले किया जाएगा। प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट के ट्रंक पर वन-टाइम लॉक लगाए गए हैं, जिन्हें परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले ही खोला जाएगा।प्रश्नपत्र पारदर्शी वन-टाइम सील पैकेट में रखे गए हैं। सही प्रश्नपत्र वितरण सुनिश्चित करने के लिए ट्रंक लेबल और सेट कोड की कलर कोडिंग भी की गई है। परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की तैनाती रैंडम आधार पर होगी। अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन, आइरिस स्कैन और फोटो एक मिनट के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।आयोग ने ओएमआर शीट भरने को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रश्न पुस्तिका का क्रमांक गलत या खाली छोड़ने पर उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। एक से अधिक गोला भरने पर उत्तर अमान्य माना जाएगा। साथ ही ओएमआर शीट को मोड़ने, उस पर अतिरिक्त निशान लगाने या प्रश्न पुस्तिका के पन्ने फाड़ने को दंडनीय अपराध बताया गया है।