
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ के निर्यातक से 2.66 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर क्राइम टीम ने बीसीए पास अखिल सिंह चौहान और उसके साथी सत्येंद्र यादव उर्फ टोनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुंबई में बैठे कैली और विवेक रॉय के संपर्क में थे। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने मामले का खुलासा किया। जाजमऊ डिफेंस कॉलोनी निवासी निर्यातक मोहम्मद अहमद लारी को फेसबुक पर फिनसोल प्राइवेट लिमिटेड में निवेश से अधिक मुनाफे का झांसा दिया गया। व्हाट्सऐप पर अनन्या कुलकर्णी नाम से संपर्क करने वाली महिला ने उन्हें निवेश एप डाउनलोड कराया। पीड़ित ने कई किस्तों में 2.66 करोड़ रुपये जमा किए। एप पर रकम बढ़कर 9.74 करोड़ रुपये दिखाई गई, लेकिन निकासी के समय 30 लाख रुपये टैक्स के नाम पर और मांगे गए। संदेह होने पर ठगी का पता चला।पुलिस के अनुसार, अखिल ने अपने और परिजनों के नाम पर 31 म्यूल खाते खुलवाए थे। इन खातों से ठगी की रकम देशभर में ट्रांसफर की जाती थी। अखिल के खाते में 25 लाख रुपये आने की जानकारी मिली है, जबकि आरोपियों से जुड़े खातों में 30 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं।जांच में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली और ओडिशा समेत विभिन्न राज्यों में शिकायतें और एफआईआर सामने आई हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और बैंक खातों की जांच कर रही है।