
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। नोएडा से लखनऊ के बीच शुरू होने वाली नई फ्लाइट सेवा के शुभारंभ से पहले जेवर एयरपोर्ट परियोजना से जुड़े किसानों के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह की पहल पर करीब 170 किसान फ्लाइट से लखनऊ पहुंचेंगे, जहां उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराई जाएगी।इन किसानों ने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी जमीनें दी थीं। कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें इस परियोजना की प्रगति और परिणामों से सीधे जोड़ना और उनके योगदान के लिए सम्मान देना है। लखनऊ पहुंचने पर किसानों का स्वागत किया जाएगा और इसके बाद मुख्यमंत्री के साथ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है।इस संवाद में प्रदेश के विकास, एयरपोर्ट परियोजना और क्षेत्रीय बदलावों पर चर्चा होने की संभावना है। कार्यक्रम के बाद किसान उसी फ्लाइट से नोएडा वापस लौटेंगे।लखनऊ–नोएडा के बीच फ्लाइट सेवा 15 जून 2026 से शुरू हो रही है, जबकि 1 जुलाई 2026 से यह नियमित रूप से संचालित होगी। इंडिगो की यह सेवा (6E 2278) लखनऊ से सुबह 7:05 बजे उड़ान भरकर 8:05 बजे नोएडा पहुंचेगी। वापसी में (6E 2279) फ्लाइट शाम 6:55 बजे नोएडा से उड़ान भरकर रात 8:00 बजे लखनऊ पहुंचेगी।करीब 180 सीटों वाली इस फ्लाइट का शुरुआती किराया लखनऊ से नोएडा के लिए 12 हजार रुपये से अधिक बताया जा रहा है, जबकि वापसी का किराया अपेक्षाकृत कम है।जेवर एयरपोर्ट परियोजना को उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी अवसंरचना योजनाओं में माना जा रहा है, जिसे चार चरणों में विकसित किया जा रहा है और इसके पूर्ण होने की डेडलाइन 2040 तय है। अधिकारियों के अनुसार, यह एयरपोर्ट दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर दबाव कम करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।