news-details

16 वर्षीय किशोरी की इलाज के दौरान मौत

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद जिले में बुखार से पीड़ित एक 16 वर्षीय किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने बरोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी हालत बिगड़ने और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है। इसके बाद किशोरी को लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ज्योंनी गांव निवासी संजीव कुमार कठेरिया की पुत्री उपासना को कुछ दिन पहले बुखार आया था। शुरुआत में उसका इलाज गांव में ही एक झोलाछाप से कराया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिवार उसे खीनमिनी ले गया, जहां भी स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ। तब उसे कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे आगे बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।परिजन उपासना को बाइक से लोहिया अस्पताल ले जा रहे थे, तभी बेग गांव के पास उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। घबराकर पिता ने उसे सड़क किनारे लिटाया और एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस के जरिए उसे तत्काल बरोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती किया गया।परिजनों का आरोप है कि बरोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात कर्मचारियों ने उपासना को इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत और बिगड़ गई। पिता संजीव कुमार का कहना है कि बेटी ने अंतिम समय में “पापा-पापा” कहा और फिर शांत हो गई। उनका आरोप है कि हालत बिगड़ने के बाद डॉक्टर को बुलाने की बार-बार गुहार लगाई गई, लेकिन कोई चिकित्सक मौके पर नहीं आया।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना उचित उपचार के ही उन्हें एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेज दिया गया। वहां पहुंचने पर डॉक्टर अभिषेक चतुर्वेदी ने जांच के बाद उपासना को मृत घोषित कर दिया।इसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और शव को इमरजेंसी के बाहर स्ट्रेचर पर रख दिया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक शव वहीं पड़ा रहा, इस दौरान परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच कहासुनी भी हुई। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद कादरी गेट थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया।रात में शव को मोर्चरी में रखवाया गया। वहीं, शुक्रवार सुबह अस्पताल में मृतक किशोरी के परिजन और रिश्तेदार बड़ी संख्या में पहुंचे, जहां आपस में विवाद भी हो गया। परिजनों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप दोहराते हुए कार्रवाई की मांग की है।