
तनीश सिंह
उन्नाव। सदर तहसील क्षेत्र के मगरवारा निवासी सबीना बानो गुरुवार को एक बार फिर अपनी आवास और जमीन की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर 100 गज सरकारी पट्टा और आवास उपलब्ध कराए जाने की मांग की। सबीना बानो ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ करीब 15 वर्षों तक रेलवे की जमीन पर बनी झोपड़ी में रहती थीं। उनके अनुसार, लगभग दो वर्ष पहले रेलवे विभाग द्वारा बाउंड्री वॉल निर्माण के दौरान उनकी झोपड़ी हटा दी गई थी, जिसके बाद उनका परिवार बेघर हो गया।पीड़िता ने बताया कि वह और उनके पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका एक 8 वर्षीय बेटा भी है। वर्तमान में परिवार अस्थायी रूप से रहकर किसी तरह जीवनयापन कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम सचिव सहित कई अधिकारियों से कई बार मदद की गुहार लगाने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं मिला है।सबीना बानो का कहना है कि पिछले कई वर्षों से वह सरकारी पट्टा और आवास की मांग को लेकर विभिन्न कार्यालयों के चक्कर काट रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें किसी योजना का लाभ नहीं मिल सका है।महिला ने प्रशासन से उनकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति को देखते हुए आवास योजना का लाभ और 100 गज सरकारी पट्टा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।