
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।
कानपुर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शनिवार को ब्रह्मनगर-ईदगाह रोड पर धंसे डाट नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद ठेकेदार और अधिकारियों को मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि नाले का बचा हुआ काम अगले 10 से 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद सड़क निर्माण का कार्य भी पूरा कराकर मार्ग को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।बताया गया कि एक सितंबर को तेज बारिश के दौरान ब्रिटिशकालीन डाट नाला अचानक करीब आठ फीट नीचे धंस गया था। इससे सड़क पर लगभग 25 फीट लंबा और 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया। लगातार हो रहे धंसाव के कारण सड़क का केवल करीब दो फीट हिस्सा ही बचा है। नीचे की जमीन भी खोखली होती जा रही है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है।स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने क्षतिग्रस्त हिस्से के चारों ओर बैरीकेडिंग कराकर मरम्मत कार्य शुरू कराया है। शनिवार दोपहर नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों के साथ मौके का जायजा लिया।नगर आयुक्त ने बताया कि ईदगाह चौराहे वाली रोड पर डाट नाला पहले भी धंस चुका है। उस समय इसकी मरम्मत कराई गई थी, लेकिन इस बार बारिश के कारण नाला दोबारा धंस गया। फिलहाल नाले की मरम्मत पूरी कर गड्ढे को भरने का काम चल रहा है। लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश से कार्य में दिक्कत आ रही है, फिर भी इसे निर्धारित समय में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।