
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। भीषण गर्मी और ग्रीष्मावकाश को देखते हुए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर जनपद के समस्त आंगनबाड़ी केंद्र 15 जून 2026 तक बंद रहेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित विद्यालयों एवं मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों में 20 मई 2026 से 15 जून 2026 तक घोषित ग्रीष्मावकाश के मद्देनजर आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस अवधि में 03 से 06 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की उपस्थिति आंगनबाड़ी केंद्रों पर नहीं होगी।हालांकि, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की ड्यूटी पूर्ववत जारी रहेगी। सभी कार्यकत्रियां अपने-अपने केंद्रों पर उपस्थित रहकर पोषण ट्रैकर ऐप पर नियमित कार्य करेंगी। इसके अलावा लाभार्थियों का आधार सत्यापन, ड्राई राशन वितरण, बच्चों का वजन मापन, गृह भ्रमण, समुदाय आधारित गतिविधियां एवं अन्य शासकीय कार्य भी पूर्व की तरह संचालित किए जाएंगे।प्रशासन का यह निर्णय भीषण गर्मी और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि छोटे बच्चों को लू और गर्म हवाओं से सुरक्षित रखा जा सके।