news-details

13 दिनों मे 12 फैक्ट्रियों में हंगामा

You can share this post!


पारले-जी फैक्ट्री के बाहर मजदूरों का प्रदर्शन

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। दादानगर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पारले-जी बिस्किट फैक्ट्री के बाहर शुक्रवार को मजदूरों ने वेतन और कार्य समय को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों श्रमिकों ने काम बंद कर फैक्ट्री के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क पर बैठकर अपनी मांगें उठाईं, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे प्रतिदिन 12 घंटे काम कराया जाता है, लेकिन इसके बदले केवल 9 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाता है। उनका कहना है कि ओवरटाइम का अलग से भुगतान नहीं किया जाता और सरकार द्वारा निर्धारित वेतनमान भी लागू नहीं किया गया है। श्रमिकों ने 8 घंटे कार्य दिवस लागू करने तथा उचित वेतन और सुविधाएं देने की मांग की।एक महिला कर्मचारी ने बताया कि लंबे समय से कार्य करने के बावजूद वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। कर्मचारियों का कहना है कि कम वेतन और बढ़ते खर्चों के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।प्रदर्शन के दौरान दादानगर क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर गोविंदनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने श्रमिकों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच बातचीत कराकर विवाद सुलझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतें संबंधित विभाग और प्रबंधन तक पहुंचाई जाएंगी, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में कानपुर और कानपुर देहात की कई फैक्ट्रियों में वेतन और श्रमिक सुविधाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन सामने आए हैं, जिससे श्रमिकों में बढ़ती नाराजगी साफ दिखाई दे रही है।