
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हाटा के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर राव ने सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति करते हुए विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है।सुधीर राव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि गरीब कल्याण, किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार उपलब्ध कराने, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना के विकास के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की गई हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्का घर मिला है, जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके स्वास्थ्य और सम्मान की रक्षा की है। वहीं आयुष्मान भारत योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए गंभीर बीमारियों के उपचार में बड़ी राहत साबित हुई है। किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत सीधे उनके बैंक खातों में सहायता राशि भेजी जा रही है।सुधीर राव ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता के प्रति नई चेतना जगाई है, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के घर-घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से चल रहा है। गांवों में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं और इंटरनेट कनेक्टिविटी के विस्तार से विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक केंद्रित बनाया है। आज अधिकांश सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे आम जनता को सुविधा और समय की बचत हो रही है। युवाओं के लिए स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट और स्वरोजगार योजनाओं ने नए अवसरों के द्वार खोले हैं।सुधीर राव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत आर्थिक, तकनीकी और सामरिक दृष्टि से लगातार मजबूत हुआ है तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां और विकासपरक सोच आने वाले समय में भारत को विश्व की अग्रणी शक्तियों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम जनता से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्षों को सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित स्वर्णिम काल बताते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।