
पारदर्शी विकास न्यूज़, प्रयागराज। प्रयागराज के बारा थाना क्षेत्र से 12 जून से लापता नवविवाहिता रंजना पांडेय का शव करीब 100 किलोमीटर दूर फतेहपुर के खागा क्षेत्र में बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मृतका के पति कुनाल तिवारी, नाना और नानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रंजना की शादी 20 फरवरी 2025 को हुई थी और उसके पति ने 12 जून को बारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वहीं, मायके पक्ष शुरू से ही हत्या की आशंका जता रहा था। मृतका के पिता शिवशंकर पांडेय का कहना है कि उनकी बेटी से 10 जून को आखिरी बार फोन पर बात हुई थी, जिसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।