
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। थाना श्रीनगर क्षेत्र में देशी शराब ठेके के मुंशी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर बरा तिगैला के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में प्रदीप यादव और गोलू कुमार घायल हो गए, जबकि विकास राजपूत उर्फ कल्लू एवं आयुष नौपाने को भी गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की 55,200 रुपये नकद धनराशि, पीड़ित के आधार व पैन कार्ड, हिसाब-किताब संबंधी दस्तावेज, दो अवैध तमंचे, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।पूछताछ में आरोपियों ने 23 जून को बरा रोड स्थित देशी शराब ठेके के मुंशी से रुपयों से भरा बैग लूटने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।