
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। जिले की पुलिस ने सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की टीमों की मदद से लोगों के खोए हुए 109 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण में सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुशीनगर के अलावा अन्य जनपदों और गैर प्रांतों से भी मोबाइल बरामद किए। रविवार को पुलिस कार्यालय सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक ने 109 मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद फोन वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की सराहना की। बरामद मोबाइलों में वीवो के 31, रियलमी के 20, ओप्पो के 17, रेडमी के 11 और सैमसंग के पांच फोन समेत विभिन्न कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। इस कार्रवाई में सर्विलांस सेल के उपनिरीक्षक सन्नी कुमार दूबे, अमित सिंह, अभिषेक कुमार यादव, अतीश कुमार, शेष नाथ, राहुल यादव और रणवीर सिंह प्रियदर्शी सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।