
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। 108/102 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने वर्ष 2021 में सेवा से बर्खास्त किए गए करीब 9,000 एंबुलेंस कर्मियों की सेवा बहाली, सेवा सुरक्षा और ठेकेदारी व्यवस्था में कथित शोषण से निजात दिलाने की मांग उठाई।जीवनदायिनी 108/102 एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अरविंद प्रसाद के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कहा कि वे वर्ष 2012 से प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में योगदान दे रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी कर्मचारियों ने जोखिम उठाकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाया था।ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली और भविष्य की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। कर्मचारियों ने कहा कि सेवा से बाहर होने के कारण कई परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
अरविंद प्रसाद ने कहा कि यदि निर्धारित समय में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो गांधी जयंती, दो अक्टूबर से सत्याग्रह और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। कर्मचारियों ने आंदोलन शांतिपूर्ण और अहिंसात्मक तरीके से चलाने की बात कही।