
Pardarshi Vikas News Lucknow
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इच्छाशक्ति से बड़े परिवर्तन संभव हैं और गोरखपुर इसका उदाहरण बन रहा है। वे गोरखपुर में 1,055 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम की 497 परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने राप्ती पर्यावरणीय उद्यान, नौसड़ से मलौनी मार्ग के लोकार्पण के साथ स्वच्छ विद्यालय अभियान की शुरुआत की और सफाई उपकरण किट का विमोचन किया। उन्होंने एकला बंधा को ‘कचरे से कंचन’ में बदलने की उपलब्धि को गोरखपुर की बड़ी सफलता बताया। यहां पहले 2.26 लाख मीट्रिक टन कचरा जमा था, जिसे वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित कर अब पर्यावरणीय उद्यान में बदल दिया गया है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में नौसड़ से मलौनी तक चार लेन मार्ग बनने से जाम की समस्या समाप्त हुई है और आवागमन सुगम हुआ है। स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, हरित पट्टी और आधुनिक सड़क निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि शहर में शुद्ध पेयजल, बेहतर नालियां, सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था और नगर वन विकसित किए जा रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में भी गोरखपुर में तेजी से विकास हुआ है। इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल, विधायक विपिन सिंह, महापौर मंगलेश श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।