
टेकुआटार, कुशीनगर। पारदर्शी विकास ब्यूरो
आगामी 10 सितंबर को रामकोला में आयोजित होने वाले 34वें किसान शहीद दिवस को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को टेकुआटार नई बाजार में समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में किसान शहीद दिवस में अधिक से अधिक किसानों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति बनाई गई। साथ ही लोगों से बड़ी संख्या में रामकोला पहुंचकर किसान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की गई।
बैठक में पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह, मोहन सिंह और लक्ष्मण सिंह ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 10 सितंबर को रामकोला मिल परिसर में किसान शहीद दिवस मनाया जाता है। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से किसान, सपा कार्यकर्ता और आम नागरिक पहुंचकर किसान शहीदों को नमन करते हैं।
वक्ताओं ने बताया कि 10 सितंबर 1992 को रामकोला त्रिवेणी चीनी मिल के गेट पर गन्ने के मूल्य में वृद्धि और बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान की मांग को लेकर किसान आंदोलन कर रहे थे। इसी दौरान हुए पुलिस गोलीकांड में किसान पड़ोही और जमादार मियां शहीद हो गए थे। किसानों के हित में दिए गए उनके बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष किसान शहीद दिवस आयोजित किया जाता है।
सपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव संपर्क कर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देने और अधिक से अधिक संख्या में रामकोला पहुंचने का आह्वान किया।
बैठक में इलियास अंसारी, शमशाद नेता, योगेंद्र तिवारी, ब्यास तिवारी, मेहदी हसन, बुलेट सिद्दीकी समेत बड़ी संख्या में सपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।