
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती और सीतापुर के लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। घाघरा नदी पर बने संजय सेतु पुल का मरम्मत कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है और 10 जून से पहले इस पर यातायात बहाल किए जाने की तैयारी चल रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अनुसार पुल की मरम्मत लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द ही छोटे व बड़े सभी वाहनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।सुरक्षा कारणों से 16 अप्रैल से पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई थी। इसके बाद छोटे वाहनों के लिए पीपा पुल की व्यवस्था की गई, जबकि बड़े वाहनों को अयोध्या सहित अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा था। इससे यात्रियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही थी और अतिरिक्त समय व खर्च का सामना करना पड़ रहा था।एनएचएआई के सहायक अभियंता अनंत मौर्य ने बताया कि पुल की मरम्मत उच्च गुणवत्ता के साथ कराई गई है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि 10 जून से पहले पुल पर यातायात शुरू कर दिया जाएगा और इसके साथ ही लागू रूट डायवर्जन भी समाप्त हो जाएगा।बारिश के मौसम और घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन भी जल्द से जल्द पुल को चालू करने की तैयारी में है, जिससे क्षेत्र के लाखों लोगों की आवाजाही फिर से सुगम हो सके।