
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। डीएम घनश्याम मीणा के आदेश पर जिले में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर तहसील क्षेत्र के सैयद अब्बासपुर में विकास प्राधिकरण की अनुमति और नक्शा पास कराए बिना की जा रही करीब 10 बीघे में फैली अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करा दिया गया।UDA सचिव मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान अवैध प्लाटिंग से जुड़े निर्माण और विकसित किए गए रास्तों को भी प्रशासन ने ध्वस्त कराया। बताया गया कि उक्त प्लाटिंग की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये है। प्रशासन की कार्रवाई से अवैध तरीके से प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया।अधिकारियों के मुताबिक बिना स्वीकृति और मानचित्र पास कराए प्लाटिंग करना नियमों के विपरीत है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्नाव जिले के कई क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग का जाल फैला हुआ है, जिस पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।