
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को बिठूर दौरे को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। 25 अक्टूबर की रात 12 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रहेगा। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचकर वाल्मीकि आश्रम जाएंगे। इसके बाद नानाराव पार्क में जनसभा कर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करेंगे।बिठूर तिराहा, कल्याणपुर, सिंहपुर चौराहा और गंगाबैराज की ओर से आने वाले भारी वाहन यश कोठारी चौराहे से बिठूर और चुंगी चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें ब्लू बर्ड तिराहा और मंधना होकर जाना होगा। मंधना से आने वाले भारी वाहनों को भी चुंगी चौराहे और बिठूर की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। कन्नौज, बिल्हौर और चौबेपुर की ओर से आने वाले वाहन चौबेपुर अंडरपास व मंधना होकर गुजरेंगे। परियर पुल से आने वाले भारी वाहन बिठूर कस्बे में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।वीआईपी वाहनों के लिए वाल्मीकि आश्रम, बनी सिंह हॉस्पिटल, आरोहम वृद्धाश्रम और बिठूर स्टेडियम के पीछे पार्किंग निर्धारित की गई है। बसों, कारों और दोपहिया वाहनों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।यातायात संबंधी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9305104387 और कंट्रोल रूम नंबर 9305104340 पर संपर्क किया जा सकता है।