
PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी। “विश्व तंबाकू निषेध दिवस” के अवसर पर ब्रेथ इजी चेस्ट फाउंडेशन फॉर ह्यूमैनिटी, अस्सी द्वारा जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को वरिष्ठ श्वांस एवं फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.के. पाठक और निर्देशिका सुनीता पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली ब्रेथ इजी चेस्ट सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल से अस्सी घाट स्थित सुबह बनारस मंच तक निकाली गई, जिसमें युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को तंबाकू, सिगरेट और गुटखा के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा 276 लोगों के फेफड़ों की नि:शुल्क जांच की गई।डॉ. एस.के. पाठक ने उपस्थित लोगों को तंबाकू से दूर रहने की शपथ दिलाई और इसे “धीमा जहर” बताया। उन्होंने कहा कि धूम्रपान से कैंसर, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है। उन्होंने पैसिव स्मोकिंग के दुष्प्रभावों पर भी विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि तंबाकू की लत अक्सर संगति, तनाव और सामाजिक प्रभाव के कारण शुरू होती है, जो धीरे-धीरे गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन जाती है। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने प्रतीकात्मक रूप से तंबाकू उत्पादों का दहन कर नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।इस अवसर पर फाउंडेशन के सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी की और लोगों से स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की।