news-details

संपूर्ण समाधान दिवस में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया, ताकि दिव्यांगजन आसानी से आवश्यक सेवाओं का लाभ उठा सकें।शिविर में दिव्यांग बोर्ड के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 86 दिव्यांगजनों का चिकित्सकीय परीक्षण किया। जांच के बाद 51 पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं 26 आवेदकों को विस्तृत चिकित्सकीय जांच के लिए रेफर किया गया, जबकि नौ आवेदन निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर निरस्त कर दिए गए।इसके अलावा चार दिव्यांगजनों का दिव्यांग पेंशन योजना के लिए पंजीकरण किया गया। 13 लाभार्थियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पंजीकृत किया गया। वहीं दो दिव्यांगजनों के बैंक खातों को एनपीसीआई से लिंक कराया गया, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे बैंक खाते में मिल सके।शिविर के दौरान अधिकारियों ने लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी और पात्र व्यक्तियों से सरकारी सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।कार्यक्रम में जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी घाटमपुर, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी तथा तहसीलदार घाटमपुर ने लाभार्थियों को दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित किए।शिविर में चिकित्सा विभाग, राजस्व विभाग, पूर्ति विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, प्रोबेशन विभाग और श्रम विभाग सहित कई विभागों ने भागीदारी की। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।