
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा के देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित इमलिया मिश्र ग्राम पंचायत के जरवलिया गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में मुकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।घायल मुकेश तिवारी ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद मिश्रा ने अपने समर्थकों के जरिए उन पर हमला कराया। उनका कहना है कि घटना के बाद वह खोरहसा पुलिस चौकी पहुंचे, जहां काफी देर तक घायल अवस्था में पड़े रहे, जबकि ग्राम प्रधान चौकी परिसर में मौजूद थे।मुकेश तिवारी के अनुसार विवाद ग्राम सभा में विकास कार्यों के लिए आवंटित लगभग 3 करोड़ रुपये के फंड और रास्ते के मुद्दे से जुड़ा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले की जांच जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर चल रही थी और इसी वजह से उनके खिलाफ साजिश रची गई।घटना की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।देहात कोतवाली प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।