news-details

धनतेरस और दीपावली पर कुशीनगर में यातायात व्यवस्था में बदलाव, पडरौना-कसया में रूट डायवर्जन लागू

You can share this post!

 

 

6 से 8 नवंबर तक सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक प्रभावी रहेगी नो-एंट्री व्यवस्था, भीड़ को देखते हुए बनाए गए पार्किंग स्थल

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर। धनतेरस, छोटी दीपावली और बड़ी दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए कुशीनगर पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक जनपद के पडरौना और कसया कस्बों में प्रभावी रहेगी। इसके तहत सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक भारी और बड़े व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही बाजारों में भीड़ को देखते हुए चारपहिया वाहनों और ई-रिक्शा के आवागमन पर भी कई स्थानों पर रोक लगाई गई है।रामकोला, खड्डा, कसया, विशुनपुरा और वासी की तरफ से आने वाले ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, डीसीएम सहित भारी व्यावसायिक वाहनों की नो-एंट्री पूर्व निर्धारित स्थानों पर लागू रहेगी।नौका टोला, जलकल, बेलवा चुंगी, जटहां तिराहा और दुर्गा मंदिर रोड (पीएनबी बैंक के पास) से चारपहिया वाहन और ई-रिक्शा सुबह 8 से रात 11 बजे तक मुख्य बाजार की तरफ नहीं जा सकेंगे।सुभाष चौक, अंबे चौक, रेलवे स्टेशन मोड़ और नौका टोला रेलवे ढाला से पिकअप, डीसीएम, ट्रैक्टर सहित अन्य व्यावसायिक वाहनों को मुख्य बाजार में प्रवेश नहीं मिलेगा। निजी चारपहिया वाहनों को बाजार की भीड़ और तत्कालीन परिस्थितियों के अनुसार अनुमति दी जाएगी।रामधाम पोखरा चौराहे से भी व्यावसायिक वाहनों का कस्बे की तरफ प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं सवारी वाहनों के लिए बावली चौक, सुभाष चौक, कठकुईया मोड़, स्टेशन बाईपास, अंबे चौक और खिरकिया मार्ग निर्धारित किया गया है।पुलिस प्रशासन ने चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। उदित नारायण डिग्री कॉलेज के सामने खाली मैदान, सुभाष चौक के पास सोसाइटी का निर्धारित परिसर और सिंधुआ की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए ब्लॉक के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।बावली की तरफ से आने वाले वाहनों को नौका टोला से बलुचहां की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं रवींद्रनगर की तरफ से आने वाले चारपहिया वाहनों को कठकुईया मोड़ से ब्लॉक की तरफ भेजकर पार्क कराया जाएगा।कसया कस्बे में देवरिया अंडरपास, गोलाबाजार तिराहा, सपहां नहर चौराहा और गांधी चौक से बड़े व्यावसायिक वाहनों को मुख्य बाजार की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। यहां भी सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक पूर्व निर्धारित नो-एंट्री प्वाइंटों पर प्रतिबंध लागू रहेगा।कसया में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए बैने क्लब निर्धारित किया गया है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में एयरपोर्ट जाने वाली बाईं लेन पर भी पार्किंग की व्यवस्था की जा सकती है।त्योहारों के दौरान बाजारों में संभावित भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से छोटे वाहनों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है, ताकि त्योहारों के दौरान आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।