
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा कस्बे में 40 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की उनके पति प्रदीप चौहान ने कथित तौर पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी कई बार चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल प्रदीप को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि डॉक्टरों ने निशा को मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब छह बजे हुई। पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद प्रदीप ने कथित तौर पर निशा को बेडरूम से खींचकर हॉल में लाया और उस पर कई बार चाकू से हमला किया। गले पर भी वार किए गए। इसके बाद उसने खुद को भी घायल कर लिया।घटना के समय घर में मौजूद तीनों बच्चे चीखते हुए बाहर निकले और पड़ोसियों को जानकारी दी। पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो निशा खून से लथपथ पड़ी थीं, जबकि प्रदीप घायल अवस्था में तड़प रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बच्चों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है।निशा चौहान सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 24.4 हजार फॉलोअर्स थे। वह खुद को रील क्रिएटर, ब्यूटीशियन और एक्टर बताती थीं तथा नियमित रूप से वीडियो साझा करती थीं। वहीं, उनके पति प्रदीप चौहान एसी टेक्नीशियन के रूप में काम करते हैं।पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह जानने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपी की हालत स्थिर होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।