
PARDARSHI VIKASH NEWS पंजाब के मानसा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वार्ड नंबर-3 में रहने वाली 35 वर्षीय संदीप कौर ने पहले अपने तीन बच्चों—दो बेटियों और एक बेटे—को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खिलाया, फिर उनका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह घर में अकेली थी, जबकि उसकी सास रिश्तेदारी में गई हुई थी। शाम को एक रिश्तेदार के पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर तीनों बच्चों के शव बिस्तर पर और संदीप कौर का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए।पुलिस के अनुसार संदीप कौर के पति की चार वर्ष पहले बीमारी से मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी पर आ गई थी। वह मजदूरी कर बच्चों और बुजुर्ग सास का पालन-पोषण कर रही थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण लगातार मानसिक तनाव में थी। शुरुआती जांच में बच्चों के गले पर निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि पहले उन्हें जहरीला पदार्थ देकर बेहोश किया गया और फिर गला घोंटा गया। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।