news-details

कौशांबी टोल हादसे का CCTV आया सामने

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एलपीजी टैंकर हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि टैंकर टोल प्लाजा के डिवाइडर से टकराते ही गैस लीक होने लगी और कुछ ही सेकेंड में 30 से 40 फीट तक गैस फैल गई। इसके बाद गैस टोल प्लाजा पर चल रहे जनरेटर तक पहुंची और चिंगारी से भीषण विस्फोट हो गया। देखते ही देखते पूरा टोल प्लाजा आग की चपेट में आ गया और 25 से 30 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं।यह हादसा 26 जून की सुबह करीब 6:38 बजे कोखराज थाना क्षेत्र के सिरोही टोल प्लाजा पर हुआ था। हादसे में टैंकर चालक समेत पांच लोगों की मौत हो चुकी है। चालक की टैंकर के अंदर ही जिंदा जलने से मौत हो गई थी, जबकि तीन टोलकर्मियों और एक राहगीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल का प्रयागराज में इलाज जारी है।सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि दो एलपीजी टैंकर अलग-अलग लेन से टोल प्लाजा पर पहुंचते हैं। एक टैंकर डिवाइडर से टकरा जाता है और तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो जाता है। कुछ ही मिनटों में पूरा टोल परिसर गैस से भर जाता है। इस दौरान टोलकर्मी और अन्य लोग जान बचाकर भागते नजर आते हैं। करीब साढ़े तीन मिनट बाद गैस जनरेटर तक पहुंचती है और साइलेंसर से निकली चिंगारी के कारण आग भड़क उठती है।आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा टोल प्लाजा जलकर राख हो गया। यार्ड में खड़ी 16 मोटरसाइकिलें और दो कारें भी आग की चपेट में आकर जल गईं। हादसे के बाद फायर ब्रिगेड ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टैंकर की जांच के दौरान चालक के केवल अस्थि अवशेष मिले। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।