
PARDARSHI VIKASH NEWS China के शांक्सी प्रांत में स्थित एक कोयला खदान में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 90 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा पिछले एक दशक में चीन का सबसे बड़ा खदान हादसा माना जा रहा है। सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार विस्फोट शांक्सी प्रांत के किनयुआन काउंटी में हुआ, जो बीजिंग से करीब 520 किलोमीटर दूर है। हादसे के समय खदान में 247 मजदूर काम कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक खदान के अंदर कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का स्तर काफी बढ़ गया था, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और कई मजदूरों के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping ने बचाव अभियान तेज करने और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री ली च्यांग और उपप्रधानमंत्री झांग गुओकिंग भी राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। चीन में खदान सुरक्षा नियम सख्त होने के बावजूद लगातार हो रहे हादसे सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।