
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने कहा कि संगठन में पद से ज्यादा कार्यकर्ताओं की सक्रियता महत्वपूर्ण है। जो कार्य करेगा, उसे जिम्मेदारी मिलेगी और निष्क्रिय रहने वालों को विश्राम दिया जाएगा। बुधवार को नवीन मार्केट स्थित भाजपा उत्तर जिला कार्यालय में प्रथम आगमन पर आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को यह संदेश दिया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की।
लोधी ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा पार्टी के लिए देना चाहिए। संगठन विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं को लोगों से संपर्क कर उन्हें पार्टी से जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा में एक क्षेत्रीय और एक जिला पदाधिकारी मंडलों में प्रवास कर संगठन के कार्यों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का जायजा लेंगे।उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंदों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लोगों को लाभ दिलाने की अपील की। बैठक में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई।कार्यक्रम का संचालन अवधेश सोनकर ने किया और आभार अभिनव दीक्षित ने व्यक्त किया। बैठक में आदित्य त्रिवेदी, राजेश पटेल, नीतू सिंह, अनुराग शर्मा, सरोज सिंह सहित जिला पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।