news-details

सड़क पर सियासी शक्ति प्रदर्शन, 2027 में फिर सरकार बनाने का दावा!

You can share this post!

जेल में बंद माफिया इंतजार में बैठे:उपमुख्यमंत्री


पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा बुधवार को कानपुर में सियासी शक्ति प्रदर्शन का मंच बन गई। इसमें उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शामिल हुए और करीब एक किलोमीटर तक पैदल चले। भाजपा नेताओं ने पदयात्रा में करीब 30 हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 17 जिलों से पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संविधान और लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है। तंज कसते हुए कहा कि जेलों में बंद माफिया इस इंतजार में बैठे हैं कि कब भैया की सरकार आए और वे बाहर निकलकर फिर जनता पर अत्याचार करें। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से दोबारा सरकार बनाएगी। पाठक ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान को दरकिनार करने और संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क पर मॉक संसद चलाकर संसद का मजाक बना रही है। विपक्ष जब चुनाव जीतता है तो ईवीएम पर भरोसा करता है, लेकिन हारने पर सवाल उठाने लगता है। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि देश में अब तक 12 बार यह प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें 10 बार कांग्रेस की सरकारों के दौरान हुई।उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में गुंडई और अराजकता को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि विपक्ष बांग्लादेश जैसे हालात की बात कर रहा है, लेकिन उसका यह मंसूबा कभी पूरा नहीं होगा।पदयात्रा में सांसद देवेंद्र सिंह भोले, रमेश अवस्थी, राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल, मंत्री असीम अरुण, विधायक अभिजीत सिंह सांगा, राहुल बच्चा सोनकर, सुरेंद्र मैथानी, महेश त्रिवेदी, नीलिमा कटियार, एमएलसी अरुण पाठक और सलिल विश्नोई सहित कई नेता शामिल हुए। क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू और जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। भाजपा नेताओं ने पदयात्रा को जनता के समर्थन का प्रतीक बताते हुए विपक्ष के खिलाफ राजनीतिक अभियान जारी रखने की बात कही।
 



'कांग्रेस ने बाबा साहेब के संविधान को दरकिनार किया'
ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान को दरकिनार कर संवैधानिक व्यवस्थाओं को बाधित करने का काम किया है। कभी संसद नहीं चलने दी जाती है तो कभी सड़कों पर कुछ लोगों को इकट्ठा करके आम जनता को परेशान किया जाता है। विपक्ष गलत नैरेटिव फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और विपक्ष के कामों के बारे में लोगों को जागरूक करेगी।

 




'जीतने पर EVM अच्छी, हारने पर उठाते हैं सवाल'
पाठक ने विपक्ष की चुनावी राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल लोकतांत्रिक व्यवस्था का सामना नहीं करना चाहते। जब चुनाव जीतते हैं तो EVM अच्छी लगती है, लेकिन हारने पर उसी पर सवाल उठाने लगते हैं।



'जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिल रहा'
पाठक ने कहा कि पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिल रहा है। पार्टी ऐसी यात्राओं के जरिए पूरे प्रदेश में संदेश देना चाहती है कि जनता उसके साथ खड़ी है। उन्होंने 2027 में भाजपा की फिर से सरकार बनने का दावा किया।