
सुल्तानपुर।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव में सोमवार की सुबह एक 40 वर्षीय युवक का शव घर की कोठरी में फांसी के फंदे से लटका मिला है। मृतक की पहचान धर्मपुर निवासी लक्ष्मीकांत मिश्रा पुत्र जगदीश प्रसाद मिश्रा के रूप में हुई है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।परिजनों के अनुसार, लक्ष्मीकांत मिश्रा दिल्ली में बस ड्राइवर की नौकरी करता था और लगभग 10 दिन पहले ही गांव आया था। उसकी पत्नी प्रीति मिश्रा और बच्चे दिल्ली में ही रहते हैं। मृतक के एक बेटा अंश (लगभग 15 वर्ष) और एक बेटी लाजो (लगभग 12 वर्ष) हैं। उसकी पत्नी भी दिल्ली में नौकरी करती हैं।मृतक के पिता जगदीश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि रविवार शाम लक्ष्मीकांत घर आया था और सामान्य बातचीत कर रहा था। रात लगभग 11 बजे के बाद सभी लोग सो गए। इसके बाद लक्ष्मीकांत घर की कोठरी वाले कच्चे मकान में चला गया। सोमवार सुबह जब परिजनों ने उसकी तलाश की तो वह कोठरी में फंदे से लटका मिला। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही दोस्तपुर पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम इंस्पेक्टर सूबेदार यादव, उपनिरीक्षक शकील अहमद खान, कांस्टेबल अरविंद यादव और कांस्टेबल अमित यादव सहित पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।परिजनों ने बताया कि लक्ष्मीकांत मिश्रा अधिकतर दिल्ली में ही रहता था और गांव के घर पर स्थायी रूप से कोई नहीं रहता था। घर पर उसके वृद्ध माता-पिता ही रहते थे, जिनमें पिता जगदीश प्रसाद मिश्रा की उम्र लगभग 90 वर्ष बताई जा रही है। मृतक का दूसरा विवाह हुआ था, जबकि उसकी पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी।