news-details

युवक का मिला शव , सिर-गले पर चोट,परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Sultanpur

कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के रामपुर हनुमानगंज गांव में शनिवार की  सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय गया प्रसाद के रूप में हुई है। उनके सिर, चेहरे और गले पर चोट के निशान तथा खून के धब्बे पाए गए हैं। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर गया प्रसाद की हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

मृतक के बड़े भाई पूर्णमासी ने दावा किया है कि उनके भाई की हत्या की गई है। उन्होंने गांव के रिंकू, संदीप, अरुण और धर्मपाल नामक चार व्यक्तियों पर हत्या का संदेह व्यक्त किया है। परिजनों का आरोप है कि करीब 10-15 दिन पहले इन लोगों के साथ गया प्रसाद का विवाद हुआ था।

पूर्णमासी के अनुसार, 15 दिन पूर्व आरोपी नशे की हालत में उनकी दुकान पर आए थे और उनके बड़े बेटे के साथ मारपीट की थी। उस समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

गया प्रसाद अकेले रहते थे। लगभग दस साल पहले उनकी पत्नी एक बेटी के साथ उन्हें छोड़कर चली गई थी। ग्रामीणों के अनुसार, गया प्रसाद शराब पीने के आदी थे, जिसके कारण कुछ लोग किसी दुर्घटना या हादसे की आशंका भी जता रहे हैं।

परिजनों ने बताया कि गया प्रसाद शराब ठेके के पास अपने भतीजे की चाउमीन और चाट की दुकान पर काम करते थे। शुक्रवार देर शाम वह दुकान से निकले थे, लेकिन रात 11 बजे तक घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने शराब ठेके और आसपास उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शनिवार सुबह उनका शव शराब ठेके के पीछे लगभग पचास मीटर की दूरी पर एक खड़ंजे के बगल खेत की मेड़ से सटा हुआ मिला।

इस संबंध में एएसपी अखंड प्रताप सिंह ने बताया पुलिस मौके पर पहुंची घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। फारेसिंक टीम को भी बुलाया गया। मृतक शराब पीने का आदी था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टममार्टम रिपोर्ट आने के पश्चात इसमें अग्रिम विधि कार्यवाही की जाएगी।