
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस) सैफई के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ. रामाकांत यादव को चिकित्सा क्षेत्र के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान एफआरसीपी (लंदन) यानी फेलो ऑफ द रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियन्स से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें 9 जून 2026 को लंदन में आयोजित रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियन्स के कॉन्वोकेशन समारोह में प्रदान किया गया। विश्वविद्यालय की ओर से मंगलवार को इसकी जानकारी दी गई। एफआरसीपी की उपाधि उन वरिष्ठ चिकित्सकों को दी जाती है, जिन्होंने चिकित्सा सेवा, चिकित्सा शिक्षा, शोध, नेतृत्व और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। प्रो. डॉ. रामाकांत यादव ने इस सम्मान को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि न बताते हुए इसे यूपीयूएमएस सैफई और कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह के नेतृत्व को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और यह सम्मान पूरे विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। चिकित्सा क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और योगदान को मिली इस अंतरराष्ट्रीय पहचान से विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा भी बढ़ी है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार और चिकित्सा जगत में खुशी का माहौल है तथा उन्हें विभिन्न स्तरों से बधाइयां दी जा रही हैं।