
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं पूर्णतः नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान किसान इंटर कॉलेज शाखोपार, उदित नारायण पीजी कॉलेज पडरौना तथा बुद्धा पीजी कॉलेज कसया का भ्रमण किया गया। इस दौरान निगरानी कक्षों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, रिकॉर्डिंग व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की प्रत्येक प्रक्रिया शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और सतर्कता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नकल, अनियमितता अथवा किसी भी अवांछनीय गतिविधि के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाए तथा परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने में कोई लापरवाही न बरती जाए।अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा समाप्त होने तक सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं प्रभावी रूप से संचालित होती रहें, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।