news-details

यूपी में बेसिक स्कूलों की गर्मी की छुट्टियों में बदलाव, अब 20 मई से 24 जून तक रहेगा अवकाश

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ। योगी सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों को लेकर बड़ा बदलाव किया है। बेसिक शिक्षा के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि अब परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में हर साल 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। पहले यह छुट्टी 15 जून तक निर्धारित थी।नई व्यवस्था के अनुसार प्रदेश के सभी बेसिक विद्यालय 25 जून से नियमित रूप से खुलेंगे। हालांकि शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों और कर्मचारियों को 22, 23 और 24 जून को विद्यालय पहुंचकर जरूरी तैयारियां पूरी करनी होंगी।स्कूल खुलने से पहले शिक्षकों को परिसर, रसोईघर और शौचालयों की साफ-सफाई, मिड-डे मील की तैयारी, किताबों के वितरण, लेसन प्लान तैयार करने और बिजली-पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बाल वाटिका, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और खेल सामग्री को भी तैयार रखने को कहा गया है।सरकार ने विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक कर स्थानीय सहयोग लेने पर भी जोर दिया है। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में शिक्षक और छात्र सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।अपर मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि अतिरिक्त अवकाश घोषित करने से पहले शिक्षा का अधिकार अधिनियम के नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके तहत एक शैक्षणिक सत्र में प्रारंभिक स्तर के विद्यालयों में कम से कम 220 शिक्षण दिवस होना अनिवार्य है।सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों छात्रों को गर्मी और लू से राहत मिलेगी। शिक्षक संगठनों ने भी अवकाश बढ़ाने के निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे बच्चों को भीषण गर्मी से बचाव मिलेगा और शिक्षकों को स्कूलों की तैयारियों के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।