news-details

यूपी में 2-3 पोल्ट्री हब और एडवांस ट्रेनिंग सेंटर का प्रस्ताव

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में सोमवार को पशुपालन विभाग, कानपुर मंडल की ओर से पोल्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पोल्ट्री उद्योग के विकास, किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक तकनीकों पर चर्चा हुई। सीएसए के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने उत्तर प्रदेश में 2 से 3 पोल्ट्री हब स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन की पूरी व्यवस्था एक साथ विकसित होने से पोल्ट्री कारोबार को नई दिशा मिलेगी और किसानों को बेहतर लाभ मिलेगा।उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में एडवांस पोल्ट्री ट्रेनिंग सेंटर खोलने का सुझाव दिया। इसके जरिए किसानों, पोल्ट्री व्यवसायियों और युवाओं को आधुनिक प्रबंधन, उत्पादन तकनीक और मार्केटिंग की ट्रेनिंग दी जा सकेगी।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने बर्ड फ्लू जैसी बीमारियों से बचाव के लिए प्रभावी वैक्सीन विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पोल्ट्री क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए वैज्ञानिक तकनीक और बेहतर व्यवस्था जरूरी है।विशेषज्ञों ने बताया कि उत्तर प्रदेश अंडा उत्पादन में आगे बढ़ रहा है, लेकिन इसे और मजबूत करने के लिए कम लागत वाली पोल्ट्री फीड, बेहतर प्रबंधन और मजबूत कोल्ड चेन नेटवर्क की जरूरत है। कॉन्क्लेव में पशु चिकित्सा अधिकारी, किसान, पोल्ट्री उत्पादक और विशेषज्ञ शामिल हुए।