news-details

यूपी बोर्ड 12वीं का रिजल्ट आज शाम 4 बजे, छात्राओं का फिर दबदबा रहने की उम्मीद

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Prayagraj

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) आज गुरुवार शाम 4 बजे हाईस्कूल के साथ इंटरमीडिएट यानी 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी करेगा। लाखों छात्र-छात्राएं अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रिजल्ट घोषित होते ही छात्र परिषद की आधिकारिक वेबसाइट और डिजिलॉकर पर अपना परिणाम देख सकेंगे।

यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया कि रिजल्ट जारी होने के साथ ही प्रदेश के टॉपर्स की सूची भी जारी की जाएगी। प्रदेश स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को राज्य सरकार सम्मानित करेगी।

इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 24 लाख 79 हजार 352 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से करीब 23.54 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि लगभग 1.26 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक प्रदेश के 75 जिलों में 8033 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई थीं।

उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रदेश में 254 केंद्र बनाए गए थे। 55,976 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई और 18 मार्च से 4 अप्रैल तक करीब 1 करोड़ 23 लाख कॉपियों की जांच पूरी की गई।

पिछले वर्षों की तरह इस बार भी छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। वर्ष 2025 में लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.37 रहा था, जबकि लड़कों का 76.60 प्रतिशत था। यानी छात्राएं करीब 10 प्रतिशत आगे रहीं थीं। पिछले पांच वर्षों से बोर्ड परीक्षाओं में बेटियां लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।

रिजल्ट देखने के लिए छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर रोल नंबर दर्ज कर सकते हैं। मार्कशीट डिजिलॉकर पर भी उपलब्ध रहेगी। जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं होंगे, वे स्क्रूटिनी के लिए आवेदन कर सकेंगे। एक या दो विषयों में असफल छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा का मौका भी दिया जाएगा।