
PARDARSHI VIKASH NEWS कोलकाता। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रेड रोड पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सड़क बंद किए जाने का मामला कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंच गया है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री Narendra Modi के शामिल होने की संभावना है। तैयारियों के चलते 14 जून से रेड रोड को बंद रखा गया है।सड़क बंद होने के विरोध में ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (AILU) ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि रेड रोड बंद होने से वकीलों, सरकारी कर्मचारियों और आम नागरिकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि सड़क बंद रहने की अवधि में लोगों के लिए पर्याप्त वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही योग दिवस कार्यक्रम समाप्त होते ही रेड रोड को तत्काल खोलने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विकास रंजन भट्टाचार्य ने दलील दी कि पूरी सड़क बंद करने के बजाय इसका एक हिस्सा यातायात के लिए खुला रखा जा सकता था। वहीं राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि कार्यक्रम आयुष मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है और क्षेत्र में कई वैकल्पिक मार्ग मौजूद हैं।इस बीच कार्यक्रम में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की भागीदारी को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि अदालत ने स्पष्ट किया कि जारी आदेश में कहीं भी उपस्थिति को अनिवार्य नहीं बताया गया है। राज्य सरकार ने भी कहा कि कर्मचारियों से केवल कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया गया है।रेड रोड पर होने वाले मुख्य आयोजन में करीब 35 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। वहीं हुगली नदी में 500 से अधिक नावों पर सामूहिक योग प्रदर्शन की तैयारी भी की जा रही है। आयोजन के दौरान नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किए जाने की भी चर्चा है।