news-details

वर्षों पुरानी समस्या से मिलेगी राहत

You can share this post!



पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। नगर पालिका परिषद द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को वार्ड नंबर 17 स्थित मोहल्ला सिविल लाइन में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण/मरम्मत कार्य का भूमि पूजन विधि-विधान एवं पूजन-अर्चन के साथ संपन्न कराया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम में नपाध्यक्ष सोनाली जैन एवं वार्ड पार्षद कुन्दन पाल मुख्य रूप से मौजूद रहे। इसदौरान क्षेत्रीय नागरिकों और मोहल्लेवासियों ने नपाध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए नगर में कराए जा रहे विकास एवं जनहितकारी कार्यों की सराहना की। लोगों ने कहा कि वर्षों से जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से परेशान क्षेत्रवासियों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मोहल्ला सिविल लाइन में क्षेत्रपाल मंदिर के पीछे घनश्याम रैकवार के मकान से हरिप्रसाद शुक्ला के मकान होते हुए नारायण पटेल के मकान तक जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में थी। सड़क टूट-फूट जाने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दौरान जलभराव और नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने से स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी। मोहल्लेवासियों की लगातार शिकायतों और समस्या की गंभीरता को देखते हुए नपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद कुन्दन पाल ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था, जिसके बाद सीसी सड़क एवं नाली निर्माण/मरम्मत कार्य कराने का निर्णय लिया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान नपाध्यक्ष ने संबंधित अवर अभियंता निधि पाण्डेय एवं ठेकेदार को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य निर्धारित मानकों एवं तय समयसीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान वार्ड पार्षद कुन्दन पाल, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, सेवा निवृत्त वरिष्ठ लिपिक रमाकांत तिवारी, अरविंद राजा सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।