
पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया जिले के सलेमपुर में वन विभाग सलेमपुर की ओर से सेंट पॉल पब्लिक स्कूल, सलेमपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वन विभाग द्वारा संचालित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026, आम भंडारा-आम बगीचा आपके द्वार तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित किया गया। यह विशेष अभियान 1 जुलाई से 7 जुलाई तक चलाया जा रहा है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने फलदार पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य का संकल्प है। पेड़ लगाना धरती माता के प्रति हमारा कर्तव्य और सच्चा प्रेम है। आज लगाए जा रहे पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर लोगों को फल, छाया और स्वच्छ वातावरण प्रदान करेंगे। इनके फल जरूरतमंदों की भूख मिटाएंगे तथा उनकी छाया राहगीरों, किसानों और मजदूरों को राहत देगी।सांसद ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का भी संदेश दे रहा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।वन क्षेत्राधिकारी गौतम मौर्य ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी मदद मिल सकती है। उन्होंने विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में सांसद रमाशंकर राजभर ने विद्यालय के बच्चों को एक-एक पौधा वितरित कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने बच्चों से अपने घरों और आसपास पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने को कहा।इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी गौतम मौर्य, वन दरोगा अनूप कुमार, मंजूर आलम, रामप्रकाश यादव, जैनूल अख्तर, नागेन्द्र पासवान, योगेश यादव, बाबू खान, बिरेंद्र प्रजापति, अनुज चौधरी, सतेन्द्र उपाध्याय, सेंट पॉल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक हर्षित मिश्रा, शाकिर अंसारी, रिकू सिंह, कुलदीप यादव, अनूप कुमार सहित वन विभाग एवं विद्यालय परिवार के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।