
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के दरेखू-शहावाबाद स्थित ठिकाना होटल में उद्योग व्यापार मंडल की आवश्यक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता शिव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में हुई, जिसमें व्यापारी हितों की रक्षा और व्यापारियों को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में व्यापारियों ने सर्वसम्मति से ‘व्यापारी जनता पार्टी’ के गठन की दिशा में आगे बढ़ने का निर्णय लिया। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारियों की संख्या बड़ी होने के बावजूद राजनीतिक स्तर पर उनकी अपेक्षित भागीदारी नहीं है। ऐसे में व्यापारियों को संगठित कर उनके हितों की आवाज मजबूत करने की आवश्यकता है।बैठक में व्यापारी आयोग के गठन की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा व्यापारियों को सैनिकों के समान सम्मान और सुरक्षा दिए जाने की मांग भी रखी गई। व्यापारियों ने शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की तर्ज पर प्रदेश के करीब 50 लाख पंजीकृत व्यापारियों में से छह क्षेत्रों से छह विधान परिषद सदस्यों के निर्वाचन की मांग की।बैठक में मौजूद व्यापारियों ने संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने तथा व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें राजनीतिक रूप से भी अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी रणनीति को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।