
पारदर्शी विकास न्यूज़, लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष प्रियंका गुप्ता ने बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस से लेकर खाद्य सामग्री तक की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनता का बजट बिगड़ गया है। प्रियंका गुप्ता ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में 128 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पहले साल में 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर मिलते थे, जिनकी संख्या घटकर चार रह गई है। खाद्य सामग्री की महंगाई दर 7.74 प्रतिशत होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने चीनी, दाल, दूध, प्याज और खाद्य तेलों की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई। कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि अन्य भाजपा शासित राज्यों में 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर दिए जा रहे हैं तो उत्तर प्रदेश में यह सुविधा क्यों नहीं मिल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल है और आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाएं इसका जवाब देंगी।