
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। हाटा कोतवाली क्षेत्र के हरपुर ढाढा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर नया मोड़ आ गया है। मृतका के मायके पक्ष ने स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी की दहेज के लिए हत्या की गई, लेकिन हाटा कोतवाली में शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।मृतका की मां ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वर्ष 2020 में उनकी पुत्री का विवाह हाटा कोतवाली क्षेत्र के नगर पालिका अंतर्गत ढाढा खुर्द उर्फ हरपुर निवासी युवक से हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति, सास, ससुर तथा अन्य ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये नकद और सोने की चेन की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी दी जाती रही।परिजनों का कहना है कि कई बार सामाजिक स्तर पर समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला। अब विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के गले पर निशान मिलने का दावा करते हुए मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए साक्ष्य मिटाने की आशंका भी जताई है।मायके पक्ष का आरोप है कि हाटा कोतवाली में शिकायत देने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र देना पड़ा। उन्होंने पति समेत सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय को प्रार्थना पत्र सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दहेज हत्या के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
