
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के जूही कलां स्थित डब्लू ब्लॉक में रविवार रात जमकर हंगामा हुआ। यहां बर्रा थाने के गैंगस्टर अजय ठाकुर की काली स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर लोगों ने उसे और उसके साथियों को जमकर पीटा। आरोप है कि अजय ठाकुर अपनी गाड़ी में एक युवक को जबरन बैठाकर लाया था और उसके साथ मारपीट कर रहा था। गाड़ी से चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो स्कॉर्पियो सवारों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान गाड़ी ने एक ई-ऑटो को टक्कर मार दी, जिसके बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।प्रत्यक्षदर्शियों राजवीर, शेखर, राम सजीवन, बहादुर और ई-ऑटो मालकिन सुमन के मुताबिक, रविवार रात जूही कलां में खाली हुई बस्ती के पास अंधेरे में एक काली स्कॉर्पियो खड़ी थी। गाड़ी के अंदर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। आवाज सुनकर कुछ लोग गाड़ी के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कॉर्पियो पर भाजपा का झंडा लगा था और उस पर विधायक लिखा स्टीकर भी लगा हुआ था। लोगों ने गाड़ी का दरवाजा खटखटाकर अंदर चल रही गतिविधियों के बारे में पूछताछ की।आरोप है कि इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार अजय ठाकुर ने तेजी से गाड़ी पीछे की ओर दौड़ा दी। इस दौरान गाड़ी ने पास में खड़ी सुमन की ई-ऑटो को टक्कर मार दी और उसे करीब 300 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। लोगों ने स्कॉर्पियो को घेर लिया और उसमें सवार युवकों को नीचे उतार लिया।घटना से आक्रोशित लोगों ने अजय ठाकुर और उसके साथियों की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद स्कॉर्पियो में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर हनुमंत विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव सिंह के मुताबिक, स्कॉर्पियो में बर्रा थाने का गैंगस्टर अजय ठाकुर, उसका साथी आयुष और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति सवार थे। मारपीट में तीनों घायल हुए हैं, जिन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
