
Pardarshi Vikas News Kushinagar
विकास भवन सभागार में आज जिला विद्युत समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता सांसद विजय कुमार दुबे ने की। बैठक में जनपद की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं निर्बाध बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में कुशीनगर लोकसभा क्षेत्र अग्रणी स्थिति में है। जनपद में प्रदेश का पांचवां कृषि विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है और विकास के कई महत्वपूर्ण मानक तेज़ी से पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि विद्युत व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, तो कुशीनगर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रथम स्थान हासिल कर सकता है।
बैठक में विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, लाइन लॉस, ट्रांसफॉर्मरों की कार्यशीलता, बिलिंग व्यवस्था तथा उपभोक्ता शिकायतों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और निरंतरता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। खराब ट्रांसफॉर्मरों को शीघ्र बदला जाए, मरम्मत कार्यों में तेजी लाई जाए और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
विद्युत बिलिंग को पारदर्शी और त्रुटिरहित रखने, शिकायतों का त्वरित व समयबद्ध निस्तारण करने, विद्युत चोरी और अवैध कनेक्शनों पर सख्त नियंत्रण तथा लाइन लॉस कम करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में समान रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
सांसद ने अधिकारियों से कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा जनहित के सभी कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब वहां की विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ और निर्बाध हो। वर्तमान में कुशीनगर हरा-भरा, बेहतर आवागमन सुविधाओं से युक्त तथा विकास की राह पर अग्रसर है। जनपद में मेडिकल कॉलेज और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगति पर हैं और जल्द ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने की संभावना है।
जनपद के विकास हेतु लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण और ग्रामीण मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है, जिससे बिहार, नेपाल तथा अन्य क्षेत्रों तक आवागमन सुविधाजनक हुआ है। पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने के उद्देश्य से बौद्ध सर्किट के तहत कुशीनगर का विकास प्राथमिकता से किया जा रहा है।
बैठक में जिलाधिकारी, विधायकगण तथा विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने आशा जताई कि यदि विभाग सक्रियता से कार्य करता है, तो अगले दो वर्षों में कुशीनगर को प्रदेश में अग्रणी स्थान दिलाने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।