
PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी।रविवार की देर शाम महमूदपुर गांव में बिजली लाइन की मरम्मत करते समय करंट लगने से एक संविदा कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान जंगल टिकरी निवासी 45 वर्षीय शिव कुमार गुप्ता पुत्र नेक राम गुप्ता के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, महमूदपुर निवासी अनीश अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के सामने से गुजर रही बिजली लाइन का तार टीन शेड से छू रहा था, जिससे करंट फैलने का खतरा था। शिकायत के बाद शिव कुमार गुप्ता अपने साथी अनूप के साथ मौके पर पहुंचे और मरम्मत का कार्य शुरू किया।परिजनों का आरोप है कि मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले बिजली का शटडाउन लिया गया था, लेकिन काम के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। इसी दौरान शिव कुमार करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।शिव कुमार गुप्ता के परिवार में उनकी पत्नी संजू, पुत्र गंगा सागर और पुत्रियां भूमि व साक्षी हैं। मृतक के भाई सुग्रीव ने आरोप लगाया है कि बिजली आपूर्ति बहाल करने वाले कर्मचारी की उनके भाई से पुरानी रंजिश थी। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।अमेठी कोतवाली प्रभारी श्रीराम पाण्डेय ने बताया कि संविदा कर्मी शिव कुमार गुप्ता की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व स्थानीय लोगों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।कोतवाली प्रभारी श्रीराम पाण्डेय ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस और बिजली विभाग की टीम घटना के कारणों की पड़ताल में जुटी है।