
Pardarshi Vikas News Mathura
वृंदावन के केशीघाट इलाके में 10 अप्रैल को हुए भीषण नाव हादसे की अब मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज वर्मा को जांच अधिकारी नामित किया है। हादसे में 15 पर्यटकों की मौत हुई थी, जबकि कई लोग घायल और लापता बताए गए थे।
प्रशासन ने जांच प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आम लोगों से भी साक्ष्य आमंत्रित किए हैं। ADM पंकज वर्मा ने बताया कि कोई भी व्यक्ति, संस्था या समूह इस घटना से संबंधित जानकारी, साक्ष्य या बयान 23 अप्रैल को उनके कार्यालय में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रस्तुत कर सकता है। यह जानकारी लिखित या मौखिक रूप में दी जा सकती है।
10 अप्रैल को केशीघाट के पास पांटून पुल से टकराकर स्टीमर यमुना नदी में डूब गया था। हादसे के समय नाव में 38 यात्री सवार थे। स्थानीय नाविकों और गोताखोरों की मदद से 22 लोगों को बचा लिया गया था, जबकि 10 की मौके पर मौत हो गई थी। बाद में 5 और शव बरामद किए गए, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है।
लापता यात्री की तलाश के लिए NDRF, SDRF, PAC और स्थानीय गोताखोरों की लगभग 150 सदस्यीय टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। टीम ने यमुना को कई सेक्टरों में बांटकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।