
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के वृंदावन स्थित छिपी गली में गुरुवार दोपहर एसी फटने से एक पोशाक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग तीन मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर बने गोदाम में लगी और देखते ही देखते दूसरी मंजिल तक फैल गई। गोदाम संकरी गली में होने के कारण दमकल विभाग को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, गोदाम और शोरूम कारोबारी अमित बंसल का है। भवन की निचली दो मंजिलों पर शोरूम संचालित होता है, जबकि तीसरी मंजिल पर पोशाक का गोदाम बना हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एसी की आउटडोर यूनिट में धमाका होने के बाद आग भड़क उठी। गोदाम में कपड़े और पॉलीथिन सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई।आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पाइप व बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करने लगे। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां, मोबाइल बाइक फायर टेंडर और तीन पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।इस हादसे में करीब 30 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।