news-details

वृंदावन में 15 मई को निकलेगी भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा 15 मई को वृंदावन में निकाली जाएगी। महर्षि जमदग्नि और माता रेणुका के पुत्र भगवान परशुराम की शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तय किया गया कि इस बार शोभायात्रा में केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि सर्व समाज की झांकियां शामिल होंगी और सभी वर्गों के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।समिति के अध्यक्ष करण कृष्ण गोस्वामी ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी शोभायात्रा को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भगवान परशुराम के आदर्शों, शौर्य और धर्म के प्रति समर्पण से परिचित कराना है। शोभायात्रा में विभिन्न शहरों से आने वाले बैंड-बाजे, ऊंट-घोड़े और आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।शोभायात्रा के संयोजक मुकुंद मोहन शर्मा उर्फ कल्लू पहलवान ने बताया कि आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्रज की परंपरा के अनुसार जगह-जगह पुष्प वर्षा और स्वागत द्वारों के माध्यम से भगवान परशुराम का स्वागत किया जाएगा।आशीष गौतम उर्फ चिंटू भैया ने बताया कि शोभायात्रा रंगनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख चौराहों और तिराहों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष वॉलिंटियर्स भी तैनात किए जाएंगे।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भगवान परशुराम केवल एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण और अधर्म के नाश के प्रतीक हैं। उन्होंने धर्मप्रेमी जनता और विप्र समाज से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की।समिति के सदस्यों ने बताया कि शोभायात्रा के समापन पर भव्य आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया जाएगा। बैठक में अजय शर्मा, राजकुमार शर्मा, राजेश पाठक, राजेश शास्त्री, श्रीहरि सुरेशाचार्य, रामेश्वर, दीपक गोस्वामी, पंकज शर्मा, गिर्राज किशोर तिवारी, सत्यभान शर्मा और पावन शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।